जनपद, 07 मई 2025 – शासन के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के अंतर्गत आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान में जनपद के थानों की मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियों स्क्वायड की सक्रिय भागीदारी रही। टीमों ने क्षेत्र में जाकर महिलाओं व स्कूली बालिकाओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
जागरूकता के प्रमुख बिंदु:
-
महिला हेल्प डेस्क की सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
-
महिला हेल्पलाइन नंबर – 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098, यूपी-112 आपातकालीन सेवा, साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन – 1076, एवं एम्बुलेंस सेवा – 102 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए गए।
-
गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के टिप्स एवं विपरीत परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया देने के तरीकों पर छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया।
-
बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोरियों की शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
टीमों ने विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पॉम्पलेट वितरण, सीधी बातचीत, और सवाल-जवाब के माध्यम से संवाद स्थापित किया, जिससे महिलाओं को स्वयं के अधिकारों के प्रति सजग एवं
जागरूक बनाया जा सके।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि किसी भी आपत्तिजनक या असामान्य व्यवहार को नजरअंदाज न करें और तुरंत सहायता लें। आत्मरक्षा को आत्मविश्वास का प्रतीक बताते हुए उन्हें खुद को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों की प्रतिक्रिया:
जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य नारी शक्ति को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा और समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता व सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
