नमस्ते इंडिया | विशेष रिपोर्ट
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन और बैंक प्रबंधन के बीच मुंबई स्थित कॉर्पोरेट सेंटर में हुई अहम वार्ता के बाद 25 और 26 मई को प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस फैसले से बैंक ग्राहकों और खाताधारकों को बड़ी राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि फेडरेशन और बैंक प्रबंधन के बीच कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान कर्मचारियों की पुरानी मांगों पर सकारात्मक प्रगति देखने को मिली, जिसके बाद हड़ताल टालने का निर्णय लिया गया।
एसोसिएशन के उप महामंत्री नववीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन पर उचित कदम उठाने का भरोसा दिया है। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी संबंधित इकाइयों और पदाधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
हड़ताल टलने से देशभर के लाखों बैंक उपभोक्ताओं को राहत मिली है, क्योंकि हड़ताल की स्थिति में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। अब बैंकिंग कार्य सामान्य रूप से जारी रहेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद के जरिए समाधान निकलना बैंकिंग व्यवस्था और ग्राहकों दोनों के हित में है।


