जौनपुर, 16 अप्रैल।
थाना लाइनबाजार पुलिस ने बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान का निर्देशन अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा पर्यवेक्षण सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता द्वारा किया गया।
प्रभारी निरीक्षक के0के0 सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मु0अ0स0-61/26 से संबंधित मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। विगत दो दिनों में इस मामले में कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 11 फरवरी 2026 को जौनपुर रोडवेज बस स्टैंड पर बस में सफर कर रही दो महिलाओं के बैग काटकर उनके जेवरात चोरी कर लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी, चैन, लाकेट सहित कुल 61.280 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। वादी द्वारा बरामद जेवरात की पहचान भी कर ली गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
