बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए Bareilly Police पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। एसएसपी Anurag Arya ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ हाईलेवल बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नियम उल्लंघन या माहौल खराब करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी अनुराग आर्य का सख्त संदेश — “नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई”
पुलिस प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, पार्कों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ा दी है। वहीं कुर्बानी व्यवस्था को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। थाना प्रभारियों को साफ कहा गया है कि खुले या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी हालत में कुर्बानी न होने पाए।
इसके साथ ही कुर्बानी के बाद मीट को खुले में ले जाने पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि मीट को पूरी तरह ढककर और व्यवस्थित तरीके से ही ले जाया जाए ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
बकरीद से पहले पुलिस पुराने सांप्रदायिक विवादों और झगड़ों की फाइलें भी खंगाल रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल गश्त और पिकेट तैनात किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भड़काऊ पोस्ट, अफवाह, कुर्बानी के वीडियो या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कंटेंट पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा कि बकरीद भाईचारे और शांति के साथ मनाई जाए। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
