नई दिल्ली। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के एमआईडीसी वालुज क्षेत्र में स्थित काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपक के आवास पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था एहतियात के तौर पर की गई है।
सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता के बीच सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, काकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। पार्टी की ऑनलाइन उपस्थिति, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा जैसे मुद्दों पर किए जा रहे पोस्ट और ई-मीम्स के कारण इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुटलकुर ने बताया कि अभिजीत दीपक के घर के बाहर 24 घंटे सामान्य पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है ताकि किसी प्रकार की भीड़भाड़ या कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग के कारण लोगों की आवाजाही बढ़ सकती है, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि दीपक की किसी टिप्पणी या बयान के कारण सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह एहतियाती सुरक्षा व्यवस्था है।
जानकारी के अनुसार, दीपक ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट फिलहाल बंद कर दिए हैं या उन पर रोक लगा दी गई है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा जारी है।
