नई दिल्ली | Namestey India Desk
काँकेरच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके संगठन और व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार अकाउंट हटाए जाने, हैकिंग और रोक लगाए जाने की घटनाओं के कारण संगठन फिलहाल अपने किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंच नहीं बना पा रहा है।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनका पुराना इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया था। इसके बाद नया अकाउंट बनाया गया, लेकिन उस पर भी रोक लगा दी गई। दीपके के अनुसार, उनके ‘एक्स’ अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक किया गया और ट्विटर (एक्स) अकाउंट पर रोक लगाने के बाद अन्य अकाउंट्स तक पहुंच भी सीमित कर दी गई है। दीपके ने लिखा कि फिलहाल संगठन के सोशल मीडिया अकाउंट्स का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
वेबसाइट बंद करने का भी आरोप
अभिजीत दीपके ने दावा किया कि काँकेरच जनता पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट को भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने इसे उनके खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया।
दीपके ने कहा कि यह कार्रवाई शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) मामले में उठाई गई आवाज के कारण की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ अभियान चलाने की बात भी कही।
जान से मारने की धमकियों का दावा
दीपके ने यह भी दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कुछ कथित धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए।
उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला लोकतांत्रिक संस्थाओं और स्वतंत्र आवाज को दबाने की कोशिश जैसा प्रतीत होता है। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक किसी सरकारी एजेंसी या संबंधित प्लेटफॉर्म की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
