बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी में एक महिला के साथ गुरुवार सुबह के समय चेन स्नेचिंग हो गई। पीड़ित महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वृंदावन कॉलोनी, नकटिया की निवासी रेखा रानी, पत्नी अरुण कुमार, ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब छह बजे अपने कुत्ते को टहला रही थीं। तभी गोकुल नगर की ओर से दो अज्ञात बाइक सवार अचानक पीछे से आए और उनके गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर छीन ली। घटना इतनी तेज़ी से घटी कि रेखा रानी कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही अपराधी वहां से फरार हो गए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन जब तक कोई मदद के लिए आता, चोर भाग चुके थे।

कैंट थाने में एफआईआर दर्ज
रेखा रानी ने कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार को लिखित तहरीर देकर न्याय की मांग की है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की जा चुकी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और घटना का खुलासा किया जाएगा।
