बरेली।
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” अभियान का शुभारंभ 22 मई 2026 से हो चुका है, जो 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। जनपद बरेली में भी प्रगणकों द्वारा पर्यवेक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों के निर्देशन में अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकांश तहसीलों में एचएलबी कार्य प्रगति पर है।
इसी क्रम में तहसील सदर के प्रगणक आनंद कुमार, जो प्राथमिक विद्यालय भरतौल में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, ने प्रथम ही दिन अपना एचएलओ कार्य पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया। उनके इस समर्पण और तत्परता से तहसील सदर एवं जनपद बरेली का गौरव बढ़ा है।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने आनंद कुमार को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उनकी कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें “जनगणना का सच्चा हीरो” बताया।
उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को सरकार द्वारा ₹25,000 मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।
