सोनभद्र, 16 अप्रैल।
थाना पन्नूगंज पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में पति, ससुर और सास शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर द्वारा किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना पन्नूगंज में पंजीकृत मु0अ0सं0 81/2026 के तहत दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने ग्राम तेलाड़ी से तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीनारायण जायसवाल (पति), परशुराम जायसवाल (ससुर) एवं गुजराती देवी (सास) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
