बदायूँ, 10 दिसम्बर।
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय की शिक्षण व्यवस्था, चिकित्सा शिक्षकों की उपलब्धता, स्टाफ की स्थिति, और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं यूपीआरएनएन, यूपी सीडीको व सी एंड डीएस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण से संबंधित सभी समस्याएँ कॉलेज प्रशासन द्वारा लिखित रूप में भेजी जाएँ, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
बदायूँ मेडिकल कॉलेज में निर्माण में देरी पर सख्त हुए डिप्टी CM—समयसीमा तय कर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान यूपी सीडीको अधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण जनवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा और फरवरी 2026 तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने अवगत कराया कि NMC मानकों के अनुसार शिक्षकों व स्टाफ की कमी अभी भी विद्यमान है, बावजूद इसके शिक्षक व कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण न होने से कुछ विभाग प्रभावित हो रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सा अधिकारी व स्टाफ मौजूद रहे।
