सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना म्योरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 71 किलो 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके से एक अभियुक्त राजा सिंह उर्फ किशन सिंह को गिरफ्तार किया गया, जो बलिया जिले का निवासी है। यह गांजा एक अर्टिगा कार (नं. OD 23 N 0847) में छिपाकर लाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ओड़िशा से गांजा लाकर प्रयागराज में सप्लाई करता था। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वे अब तक 20 से 25 बार गांजे की खेप प्रयागराज पहुंचा चुके हैं, और उसे प्रति चक्कर ₹30,000 की राशि मिलती थी।
फरार अभियुक्तों में शामिल हैं:
-
शैलेश कुमार शाह एवं समीर शाह (निवासी बड़माल, झारसुगुड़ा, उड़ीसा)
-
भक्त चरण राणा उर्फ राजू (गांजा सप्लायर, झारसुगुड़ा, उड़ीसा)
-
राजेश सोनकर (गांजा रिसीवर, कोखराज, कौशांबी)
थाना म्योरपुर में NDPS एक्ट की धाराओं 8/20/27A/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
