फिरोजाबाद, 01 जून 2025: जनपद फिरोजाबाद में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा किया जा रहा है, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री अखिलेश भदौरिया को इसका नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान और प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

दिनांक 01 जून 2025 को इस अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 21 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार थाने या उच्च अधिकारियों के कार्यालय न जाना पड़े। फिरोजाबाद पुलिस शिकायतकर्ता के घर या संबंधित स्थान पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायत का समाधान करेगी और दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस अभियान से शिकायतकर्ताओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और उनकी शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही प्रभावी ढंग से किया जाएगा। फिरोजाबाद पुलिस जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
