बदायूं, 01 जून 2025: जिलाधिकारी अवनीश राय ने रविवार को जनपद में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए गए चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचितापूर्ण ढंग से आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, और विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था सहित सभी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए जनपद में चार केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1441 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
