बदायूं, 13 मई 2025 — जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने की।
ग्राम पंचायतवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश, ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने पर जोर
बैठक में एडीएम ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति को समय से राशन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आईसीडीएस विभाग को निर्देशित किया कि वह ग्राम पंचायतवार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराए, ताकि पोषण कार्यक्रमों और राशन वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
ई-केवाईसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
एडीएम प्रशासन ने ई-केवाईसी के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि 30 जून 2025 तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को मध्यान्ह भोजन और आईसीडीएस योजनाओं से जुड़े बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राशन वितरण की स्थिति
जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा ने बताया कि अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मई 2025 तक का राशन निःशुल्क वितरित किया जा रहा है, जिसमें अब तक 60% वितरण पूर्ण हो चुका है और शेष जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि जून, जुलाई और अगस्त माह के राशन उठान एवं वितरण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
तकनीकी व्यवस्था में सुधार
जनपद में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग और फीडिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। अब सभी कार्ड धारकों को ई-पॉस और ई-वेइंग मशीन के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह मशीनें सभी राशन दुकानों पर उपलब्ध हैं।
ई-केवाईसी की प्रगति
ई-केवाईसी कार्य में जनपद की प्रगति 80% तक पहुंच गई है, जबकि राज्य का औसत 81-82% है। अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी समय पर पूरा हो सके।
बैठक में समिति के सदस्य, आयुक्त बरेली मंडल द्वारा नामित प्रतिनिधि, और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
