बदायूं, 09 मई: जनपद में अन्य पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ‘ओ लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस हेतु जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री प्रणव कुमार पाठक ने जानकारी दी है कि मान्यता प्राप्त संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, केवल नीलिट से मान्यता प्राप्त संस्थाएं ही होंगी पात्र
ऐसी सभी प्रशिक्षण संस्थाएं जो भारत सरकार की अधीन संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त हों — और जिनकी मान्यता आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध हो — वे इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्य हेतु आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इच्छुक संस्थाएं 13 मई से 27 मई 2025 तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट
???? backwardwelfareup.gov.in
या
???? obccomputertraining.upsdc.gov.in
पर उपलब्ध लिंक से निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकती हैं।
प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, समय-सारणी एवं आवश्यक शर्तें उक्त वेबसाइट्स पर ही प्रदर्शित की गई हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत संस्थाओं को आवेदन की हार्डकॉपी समस्त अभिलेखों एवं संसाधनों के विवरण सहित कार्यालय —
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कक्ष सं. 118, विकास भवन, बदायूं — में 27 मई 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
यह पहल जनपद के पिछड़े वर्ग के युवा वर्ग को डिजिटल कौशल से सशक्त बनाकर रोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम है।
