बदायूं, 09 मई: जनपद के विकास भवन सभागार में आज ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान एवं डीपीएम ने भाग लिया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री केशव कुमार ने की।
कार्यशाला में बरेली मंडल की ओर से नियुक्त मास्टर ट्रेनरों द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), पंचायत डेवलपमेंट इंडेक्स (PDI), ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और मॉडल ग्राम की अवधारणा पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक रणनीतियों व दिशा-निर्देशों को साझा किया, जिससे ग्राम पंचायतों का सतत व समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी श्री केशव कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि समस्त विभागीय अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अपने विभाग से संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें ताकि जनपद की ग्राम पंचायतें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के अंत में जिला पंचायत राज अधिकारी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।
