Home » देश » UTTARPRADESH » BUDAUN » बदायूं में 04 मई को होगी NEET परीक्षा, 07 केंद्रों पर 2839 परीक्षार्थी होंगे शामिल

बदायूं में 04 मई को होगी NEET परीक्षा, 07 केंद्रों पर 2839 परीक्षार्थी होंगे शामिल

बदायूं, 01 मई 2025। आगामी 04 मई को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए तथा समस्त व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

इस वर्ष जनपद के कुल 07 परीक्षा केन्द्रों पर 2839 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी और सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, केलकुलेटर जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने दिए यह निर्देश:

  • प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति

  • परीक्षा कक्ष में अधिकतम 24 परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था

  • साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल, फर्नीचर, क्लॉक रूम व खाद्य सुरक्षा की पूरी व्यवस्था

  • परीक्षा केंद्र की 500 मीटर परिधि में फोटो कॉपी, साइबर कैफे व पीसीओ बंद रहेंगे

  • एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार फ्रिस्किंग व चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी

परीक्षा केंद्र एवं परीक्षार्थियों की संख्या:

  1. केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज बदायूं – 480 परीक्षार्थी

  2. एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज बदायूं – 480 परीक्षार्थी

  3. श्री कृष्णा इंटर कॉलेज बदायूं – 720 परीक्षार्थी

  4. पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं – 384 परीक्षार्थी

  5. पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं – 384 परीक्षार्थी

  6. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शेखूपुर – 288 परीक्षार्थी

  7. हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं – 103 परीक्षार्थी

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक एक पाली में संपन्न होगी और परीक्षार्थियों को अपराह्न 1:30 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

namesteyindia
Author: namesteyindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनोरंजन
संबंधित बातम्या