मथुरा, 29 अप्रैल 2025
आगामी नीट (NEET) परीक्षा 2025 के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कलैक्ट्रेट सभागार मथुरा में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता श्रीमान जिलाधिकारी मथुरा एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक नगर, मथुरा महोदय ने संयुक्त रूप से की।
गोष्ठी में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, एवं किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचाव हेतु विस्तृत रूप से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों व परीक्षा केंद्र प्रभारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें शामिल थे:
-
परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती
-
अभ्यर्थियों की पहचान की पुख्ता व्यवस्था
-
किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन के उपयोग को रोकने के लिए सतर्कता
-
यातायात की सुचारु व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी
-
मेडिकल और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा और निष्पक्ष परीक्षा संचालन प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मथुरा पुलिस की पूर्ण तत्परता का आश्वासन दिया।
इस बैठक में शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, जिला प्रशासन व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
