बदायूँ, 19 अप्रैल:
तहसील बिल्सी में शुक्रवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में यह विशेष रूप से शामिल है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 67 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें राजस्व से संबंधित 37 एवं अन्य 30 शिकायतें शामिल थीं। शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु अधिकारियों को गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
सीडीओ ने भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान दिवस आमजन की समस्याओं को समझने और हल करने का एक प्रभावी माध्यम है।
इस मौके पर तहसील परिसर में किसान पंजीकरण का मेगा कैंप भी आयोजित किया गया, जिसमें 43 किसानों ने अपना पंजीकरण कराया। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन, फैमिली आईडी निर्माण, तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरण जैसी गतिविधियाँ भी संपन्न हुईं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिल्सी रिपुदमन सिंह, पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
