सिद्धार्थनगर, 10 अप्रैल 2025
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक फिल्मी कहानी जैसी हकीकत सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला और पुरुष ने अपने-अपने जीवनसाथी और कुल नौ बच्चों को छोड़कर एक-दूसरे से शादी कर ली। इस ‘नवयुगल’ की शादी का खुलासा तब हुआ जब उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
मामला 5 अप्रैल का है। गीता नाम की महिला अचानक अपने पति श्रीचंद और पांच बच्चों को छोड़कर घर से नगदी और गहनों सहित गायब हो गई थी। पहले श्रीचंद को लगा कि गीता मायके गई है, लेकिन तीन दिन बाद जब गांव वालों ने वायरल तस्वीरें दिखाईं, तो उनके होश उड़ गए। तस्वीरों में गीता गांव के ही गोपाल पटवा के साथ विवाह मंडप में बैठी नजर आ रही थी।
श्रीचंद, जो कभी मुंबई में वड़ा पाव बेचते थे और अब गांव में मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पाल रहे हैं, सदमे में हैं। उनका कहना है, “गीता से अब कोई रिश्ता नहीं रहा, बस जो पैसे और गहने लेकर गई है वो लौटा दे।”
गीता और गोपाल दोनों पहले से शादीशुदा थे। गीता के पांच बच्चे हैं—चार बेटियाँ और एक बेटा—जबकि गोपाल भी चार बच्चों का पिता है। सोशल मीडिया पर इस ‘फेसबुक विवाह’ की खूब चर्चा हो रही है, और गांव में यह मामला कौतूहल का विषय बना हुआ है।
इस घटना ने न केवल दो परिवारों की ज़िंदगी बदल दी, बल्कि यह भी दिखा दिया कि आजकल रिश्ते ‘ऑनलाइन स्टेटस’ से भी तय हो सकते हैं।
