नई दिल्ली — सोशल मीडिया पर वायरल हुए सड़क पर स्टंट करते युवकों के वीडियो पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए महज 12 घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
द्वारका के डीसीपी अंकीत सिंह के नेतृत्व में यह तेज़ कार्रवाई की गई। मोहन गार्डन थाने के एसएचओ मुकेश अंतिल और उनकी टीम ने रातभर कड़ी मेहनत की और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में तीन युवक संदिग्ध पाए गए, जिन्हें पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, ये युवक सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट कर रहे थे, जिससे न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हुआ, बल्कि लोगों की जान भी खतरे में डाली गई। गिरफ्तार युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सोशल मीडिया पर नज़र रखकर ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई जारी रहेगी।
