लखनऊ, 8 अप्रैल 2025:
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर मंगलवार शाम 4 बजे समाजवादी महिला सभा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने किया। इस दौरान सभी महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान के खिलाफ आक्रोश जताया।
अखिलेश यादव के खिलाफ बयान पर नाराजगी
महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि रेखा गुप्ता ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे सभी सपा कार्यकर्ता और समर्थक आहत हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने रेखा गुप्ता से सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग की।
गवर्नर हाउस तक पहुंचीं महिलाएं
प्रदर्शन के बाद महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करती हुई गवर्नर हाउस की ओर बढ़ीं। इस दौरान उनके हाथों में ‘रेखा गुप्ता शर्म करो’ और ‘रेखा गुप्ता माफी मांगो’ लिखी तख्तियां थीं। वहां से पुलिस ने उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से ईको गार्डन, आलमबाग थाना क्षेत्र भेज दिया।
नेताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव विजय लक्ष्मी समेत समाजवादी महिला सभा की अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहीं। सभी ने एक सुर में रेखा गुप्ता के बयान को निंदनीय बताते हुए उसकी वापसी और माफी की मांग की।
शांतिपूर्ण तरीके से जताया विरोध
पूरे विरोध प्रदर्शन के दौरान कोई भी हिंसक गतिविधि नहीं हुई। महिलाएं शांतिपूर्वक नारे लगाती रहीं और लोकतांत्रिक तरीके से अपने विरोध को दर्ज कराया। पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखा।
— संवाददाता
