Home » देश » UTTARPRADESH » BUDAUN » BUDAUN : बरेली रोड पर बेहोश मिली युवती, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती, होश आने पर बताया घर का पता

BUDAUN : बरेली रोड पर बेहोश मिली युवती, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती, होश आने पर बताया घर का पता

बदायूं, 08 अप्रैल 2025:
शहर के बरेली रोड स्थित इंदिरा चौक के पास सोमवार देर शाम एक युवती बेहोशी की हालत में मिली, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची यूपी 112 की पीआरवी टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत में सुधार हुआ।

मंगलवार को होश आने के बाद युवती ने अपना नाम-पता बताया, जिससे उसकी पहचान फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के आमौर दरगाहपुर निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद मंगलवार को परिजन बदायूं पहुंचे और युवती को अपने साथ ले गए।

परिजनों ने बताया कि युवती 5 अप्रैल को अपनी सहेलियों के साथ घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। पहले भी वह बड़ी बहन के घर जाने की बात कहकर घर से निकल चुकी है, इसलिए इस बार भी उन्हें कोई संदेह नहीं हुआ।

युवती के पिता आगरा के एक निजी स्कूल में चौकीदार हैं, जबकि मां बीमार हैं। परिजन उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंतित हैं।

सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि युवती ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह बदायूं कैसे पहुंची और कैसे बेहोश हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। युवती की स्थिति सामान्य है और वह अब सुरक्षित रूप से अपने परिवार के साथ है

— संवाददाता

namesteyindia
Author: namesteyindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनोरंजन
संबंधित बातम्या