Home » देश » UTTARPRADESH » BUDAUN » BADAUN NEWS: बदायूं जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्डों ने तीमारदारों को पीटा

BADAUN NEWS: बदायूं जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्डों ने तीमारदारों को पीटा

बदायूं जिला अस्पताल में घायल मरीज को रेफर किए जाने के दौरान तीमारदारों पर सुरक्षा गार्डों ने लाठियां भांजी। परिजनों का आरोप है कि गार्डों की मारपीट और झगड़े की वजह से एंबुलेंस आधे घंटे तक वहीं फंसी रही, जिस दौरान मरीज तड़पता रहा।जब उसे बरेली ले जाया गया तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल में देर रात तक सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजन सुरक्षागार्डों के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी में हैं।

थाना सिविल लाइंस के आमगांव निवासी चितरंजन सिंह (रिटायर्ड आर्मीमैन) बदायूं की एसबीआई मेन ब्रांच में गार्ड के पद पर तैनात थे। गुरुवार शाम वे घर से दूध लेने निकले थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चितरंजन सिंह को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

परिवार ने तुरंत प्राइवेट एंबुलेंस बुलाई और मरीज को शिफ्ट कर लिया, लेकिन इसी बीच अस्पताल का एक सुरक्षागार्ड वहां पहुंचा और एंबुलेंस ड्राइवर से तेज रफ्तार में वाहन लाने को लेकर झगड़ने लगा। जब परिजनों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की तो गार्ड बौखला गया और अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद गार्डों ने परिवारवालों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी।

आधे घंटे तक चली मारपीट में कई तीमारदार घायल हो गए। जो भी बीच-बचाव करने आया, उसे भी पीटा गया। किसी तरह परिजनों ने खुद को छुड़ाया और मरीज को लेकर बरेली रवाना हुए।

रास्ते में बंद हो गई एंबुलेंस, मरीज ने तोड़ा दम परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान गार्ड्स ने एंबुलेंस का पेट्रोल पाइप भी तोड़ दिया, जिससे रास्ते में एंबुलेंस बंद हो गई। काफी मशक्कत के बाद जब एंबुलेंस ठीक हुई और बरेली पहुंची, तब तक चितरंजन सिंह की मौत हो चुकी थी।

अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने शव लिया कब्जे में घटना के बाद जिला अस्पताल में सैकड़ों की भीड़ जुट गई और हंगामा होने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लिया। परिजन अब अस्पताल के सुरक्षागार्डों के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं।

https://www.facebook.com/share/v/1Akt7AkfqH/

namesteyindia
Author: namesteyindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनोरंजन
संबंधित बातम्या