नमस्ते इंडिया | विशेष रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल आउटरीच कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं अधिवक्ता रविन्द्र सहारा ने बिजली संकट को लेकर एमडी को ज्ञापन भेजते हुए जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि महेन्द्रनगर कॉलोनी फेस-1 में 17 मई को ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद करीब 30 घंटे बाद उसे बदला गया, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में बिजली संकट पूरी तरह खत्म नहीं हो सका।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले चार दिनों से रात के समय लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। कई बार देर रात तक बिजली बहाल नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदेश महासचिव रविन्द्र सहारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने भी लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस मामले में कितनी तेजी से कदम उठाता है।