(सहारनपुर)। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रूप से चलाई जा रही पटाखा फैक्ट्री पर छापामारी करते हुए काफी मात्रा मे बने पटाखे व विस्फोट पदार्थ बरामद किए हैं। मौके से चार अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। गश्त के दौरान मिली सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेघनमजरा गांव स्थित रूल्हा पुत्र कलीराम के मकान में चलाई जा अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापामारी की।
पुलिस ने मौके से दिलनवाज पुत्र शौकत निवासी मोहल्ला शाह मुबारिक,मुंशाद पुत्र इस्लाम निवासी मोहल्ला तलाही थाना झिंझाना जिला शामली, अरशद पुत्र नसीम निवासी फुरकान रोड चांद मस्जिद थाना कैराना जिला शामली, दानिश पुत्र सालिम निवासी काशीराम कालोनी फोर फ्लोर ऊन रोड थाना झिंझाना, शामली को गिरफ्तार किया है।
बिना लाइसेंस के बना रहे थे पटाखा
अभियुक्तगणों के कब्जे से 91 कार्टून तैयार विस्फोटक पदार्थ, पटाखे बनाने का मसाला, खुले तैयार पटाखे व पैंकिग का सामन, बाइक व अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वह सभी लोग बिना लाइसेंस के पटाखा बनाने का काम करते है।
वह जो पटाखे बनाते है उन्हे राशिद उर्फ बाबू व फरमान यहां से ले जाकर बेच देते है और मुनाफा सभी आपस में बांट लेते है। पुलिस ने अभियुक्तगणों के खिलाफ धारा 125/223/288/61 बीएनएस व पांच विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 बनाम दिलवाज आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई ऋषिपाल सिंह आदि शामिल रहे।
पुराना है अवैध पटाखा बनाने का धंधा, सात की चली गई थी जान
क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे बनाने का धंधा काफी पुराना है। काफी समय पूर्व गंगोह में अवैध रूप से चलाई जा रही पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा दो वर्ष पूर्व गंगोह क्षेत्र के गांव बोड़पुर में भी अवैध रूप से चलाई जा रही पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो चुकी है। हादसों के बावजूद भी जल्द अमीर बनने के लालच में लोग ऐसे धंधों से बाज नहीं आ रहे हैं जिससे उनकी जान को तो खतरा है ही वहीं आसपास के अन्य लोगों पर भी मौत की तलवार लटकी रहती है।
