मिर्जापुर जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत बरकछा मेन रोड पर मंगलवार रात करीब 10 बजकर 30 मिनट (08 अक्टूबर 2025) को एक अज्ञात युवती सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवती दोनों हाथों में पत्थर लिए सड़क पर चल रही थी। जब राहगीरों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह अचानक बगल में गिरकर बेहोश हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली देहात पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और युवती को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने जांच के दौरान पाया कि युवती की सभी वाइटल्स (ब्लड प्रेशर, हार्टबीट और ऑक्सीजन लेवल) सामान्य हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने केवल अपना नाम बताया है, बाकी जानकारी फिलहाल प्राप्त नहीं हो सकी है। उसकी पहचान और घटना की सच्चाई जानने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है, जो इस प्रकरण की गहराई से जांच कर रही हैं।
घटना स्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर मय पुलिस बल मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूर्णतः सामान्य है।
