लखनऊ : खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (FSSAI) और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच हुए समझौते (MOU) के तहत प्रत्येक खाद्य सुरक्षा अधिकारी को हर महीने 10 विधिक और 15 सर्विलांस नमूने संग्रहीत करने का लक्ष्य निर्धारित है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल 580 खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यरत हैं, जो पूरे देश में कार्यरत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की कुल संख्या का करीब 25 प्रतिशत हैं। यानी, देश में हर चौथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी यूपी में तैनात है।
580 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के कारण छोटे क्षेत्र में लक्ष्य पूरा करना चुनौतीपूर्ण: COMMISONER FSDA
यूपी सरकार का कहना है कि यह लक्ष्य उन राज्यों के लिए व्यावहारिक है, जहाँ अधिकारियों की संख्या कम है और उन्हें व्यापक भौगोलिक क्षेत्र में काम करना पड़ता है। लेकिन उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संख्या पर्याप्त है और वे तुलनात्मक रूप से छोटे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।
इससे एक ही कारोबारी प्रतिष्ठान, एक ही बैच नंबर अथवा एक ही ब्रांड के खाद्य पदार्थों के बार-बार नमूने लेने की स्थिति बन रही है। सरकार का तर्क है कि यह अनावश्यक पुनरावृत्ति है, जिससे संसाधनों और समय की बर्बादी हो रही है।
इसी दृष्टिकोण से राज्य सरकार ने एफएसएसएआई से अनुरोध किया है कि:
विधिक नमूनों का लक्ष्य 10 से घटाकर 5 प्रतिमाह किया जाए।
सर्विलांस नमूनों का लक्ष्य 15 से घटाकर 10 प्रतिमाह निर्धारित किया जाए।
प्रदेश सरकार का मानना है कि इस कदम से कार्य अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनेगा तथा जांच प्रक्रिया को भी सुगम और तर्कसंगत बनाया जा सकेगा।
