बदायूं, 08 अप्रैल 2025:
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वेबकास्ट के माध्यम से सातवें पोषण पखवाड़े का उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में जनपद बदायूं में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने पोषण पखवाड़े का उद्घाटन किया। यह विशेष अभियान 08 से 22 अप्रैल 2025 तक चलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि पोषण पखवाड़े का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है। इसके लिए जन आंदोलन के रूप में सही पोषण व्यवहार को बढ़ावा देने वाली सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पोषण पखवाड़े के लिए शासन स्तर से थीम व दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। इसमें खास ध्यान जीवन के पहले 1000 दिन — गर्भावस्था से लेकर शिशु के दो वर्ष तक की उम्र तक पोषण पर केंद्रित है। साथ ही कुपोषण प्रबंधन के लिए CMAM मॉड्यूल, स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर बच्चों में मोटापे की रोकथाम जैसे बिंदुओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े के दौरान वजन दिवस, पोषण रैली, गृह भ्रमण, पोषण मेला, हाट बाजार, एनीमिया शिविर, प्रभात फेरी, साइकिल रैली, पौधारोपण, योग सत्र, महिला स्वयं सहायता समूहों व युवा समूहों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों में विभिन्न सम्वयक विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक गतिविधि की जानकारी भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए सभी जनपदों को लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड पूर्व में उपलब्ध करा दिए गए हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
— संवाददाता
