बदायूं, 1 मई।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को तहसील दातागंज के सैजनी गांव में निर्माणाधीन महिला पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) बटालियन के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं के साथ निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और नक्शे का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बटालियन परिसर में बन रहे आवासीय व अनावासीय भवनों की गुणवत्ता, जल निकासी व्यवस्था और शेष कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बचे हुए निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए और सभी कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने बटालियन के समीप पुलिस मॉडल स्कूल की स्थापना के लिए ग्रामसभा की उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) केशव कुमार, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
