बरेली के आंवला क्षेत्र स्थित प्राचीन गौरीशंकर धाम शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की।
हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
मंदिर में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। आंवला एसडीएम नहनेराम और सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी की देखरेख में मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई है।
श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए अस्थाई चांदनी लगाई गई है। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। व्यवस्था में सहयोग करने वालों को आई कार्ड जारी किए गए हैं।
मंदिर के महंत राम जी शुक्ला के अनुसार, यहां स्थित मां पार्वती और भगवान शिव की संयुक्त प्रतिमा विशेष मान्यता रखती है। डाक कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक की अलग व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैफिक पुलिस सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
