Home » देश » UTTARPRADESH » BAREILLY » BAREILLY NEWS: पत्नी के तानों और मुकदमों से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप

BAREILLY NEWS: पत्नी के तानों और मुकदमों से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप

बरेली, 08 अप्रैल 2025:
शहर के आजमनगर क्षेत्र में एक मजदूरी करने वाले युवक इस्लाम ने पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी शहाना, सास और साले समेत अन्य परिजनों ने उस पर 25 लाख रुपये की मांग की और उसे गंभीर रूप से पीटा, जिससे मानसिक रूप से टूटकर उसने यह कदम उठाया।

बरेली के आजमनगर का मामला, परिवार ने 25 लाख की मांग कर प्रताड़ना का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

मामला तब सामने आया जब 6 अप्रैल को इस्लाम का शव उसके कमरे में फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने 7 अप्रैल को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें शहाना, उसकी मां नसरीन और भाइयों मुन्ना, इमरान, अन्ना, जुबैर, भोलू और वसीम को नामजद किया गया है।

5 साल पहले हुई थी शादी, तीन महीने बाद बढ़ा विवाद

परिजनों के अनुसार, इस्लाम की शादी 5 साल पहले शहाना से हुई थी, जो उसी मोहल्ले की रहने वाली है। शादी के तीन महीने बाद ही शहाना मायके चली गई, जिसके बाद दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने इस्लाम पर कई फर्जी मुकदमे दर्ज करवा दिए और मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां से मेंटिनेंस देने का आदेश भी आया

5 अप्रैल को की गई मारपीट, धमकी दी गई हत्या की

इस्लाम के बहनोई नाजिम ने बताया कि 5 अप्रैल को शहाना और उसके परिजनों ने इस्लाम को घेरकर मारापीटा और उस पर मकान बेचने का दबाव बनाते हुए 25 लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो हत्या करवा देंगे। इससे मानसिक रूप से टूटकर इस्लाम ने आत्महत्या कर ली।

भाई बोला – मेरी आंखों के सामने बिखर गया भाई

मृतक के भाई हसीब ने बताया कि उसका भाई वर्षों से तनाव में जी रहा था। पत्नी और साले मिलकर उसे सरेआम पीटते और धमकाते थे। कोर्ट केस, मुकदमेबाजी और रोज़ की प्रताड़ना ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया। मजदूरी करने वाला इस्लाम अपनी आय से जैसे-तैसे खर्च चला रहा था। लेकिन जब उसे कोई रास्ता नहीं दिखा, तो उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मामले में कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा-108 (उकसाकर आत्महत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस सिर्फ जांच का हवाला देकर टाल रही है, जबकि आरोपियों को अभी तक पकड़ा नहीं गया।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

— संवाददाता

namesteyindia
Author: namesteyindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनोरंजन
संबंधित बातम्या