आजमगढ़, 30 मई 2025: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान के फेज-5 के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में जिले के समस्त थानों पर कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व बालिकाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध और महिला गरिमा से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला हिंसा से संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई:
-
वीमेन पावर लाइन – 1090
-
पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
-
सीएम हेल्पलाइन – 1076
-
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
-
वन स्टॉप सेंटर – 181
-
साइबर हेल्पलाइन – 1930
-
स्वास्थ्य सेवा – 102
-
एम्बुलेंस सेवा – 108
-
जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों की हेल्प डेस्क, राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग
इस अभियान के तहत “पुलिस की पाठशाला” और “चौपाल” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से गांवों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और छात्राओं को कानून, अधिकार, सहायता सेवाओं एवं शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जागरूक किया गया।
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि यह अभियान केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
