मथुरा, 07 मई 2025
थाना साइबर क्राइम मथुरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए ऑनलाइन लोन ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाप-बेटा शामिल हैं, जो मिलकर संगठित गिरोह के रूप में इस अपराध को अंजाम दे रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक अपराध मथुरा और क्षेत्राधिकारी साइबर मथुरा के निकट पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर श्री छोटेलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इन आरोपियों को टूण्डला, फिरोजाबाद से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
यतीन्द्र कुमार (उम्र 56 वर्ष), निवासी ग्राम रामपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद
-
शिवम (उम्र 28 वर्ष), पुत्र यतीन्द्र कुमार, निवासी ग्राम रामपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद
दोनों अभियुक्तों को दिनांक 06 मई 2025 की रात्रि 9:10 बजे टूण्डला फिरोजाबाद में किराए के मकान के पास से गिरफ्तार किया गया।
अपराध का तरीका:
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्तगण एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो बैंकिंग और लोन सेक्टर की गहरी जानकारी के चलते आम जनता की निजी जानकारी जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड आदि एकत्रित कर फर्जी पहचान पत्र बनाते थे। अच्छे CIBIL स्कोर वाले व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहले फर्जी बैंक खाते खुलवाते और उनमें भारी नकली लेन-देन की एंट्री कराते, जिससे बैंक को बड़े लोन देने में कोई संदेह न हो।
बड़े लोन के लिए फर्जी सरकारी पहचान जैसे कि आर्मी ऑफिसर, प्रधान अध्यापक आदि के आईडी भी तैयार किए जाते। लोन स्वीकृति के बाद पूरा धन इन फर्जी खातों में ट्रांसफर कर लिया जाता था।
प्राथमिकी विवरण:
दिनांक 22 फरवरी 2025 को एक शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर थाना साइबर क्राइम मथुरा में मु0अ0सं0 03/2025 धारा 420/467/468/471 IPC एवं 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें बजाज फाइनेंस कंपनी से एक व्यक्ति के नाम पर ₹5,22,232 का फर्जी लोन लेने का आरोप लगाया गया।
गिरफ्तारी टीम में शामिल अधिकारी:
-
प्रभारी निरीक्षक श्री छोटेलाल
-
निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार
-
उप निरीक्षक श्री आशीष मलिक
-
उप निरीक्षक श्री मोहित वर्मा
-
मुख्य आरक्षी अभिनय कुमार
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। फिलहाल दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
