बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां संपत्ति विवाद के चलते बजरंग दल के गोरक्षा जिला प्रमुख सतेंद्र उर्फ मोंटी बजरंगी (30) की निर्मम हत्या कर दी गई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस हत्या में मृतक के अपने ही परिवार के लोग शामिल पाए गए हैं।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, सतेंद्र की गला काटकर हत्या की गई थी और उसके शव को घर के अंदर ही दफनाने की योजना थी। इसके लिए कमरे में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। मगर इससे पहले कि शव दफन किया जाता, मामला खुल गया और एक बड़ा अपराध सामने आ गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सतेंद्र के मामा भागेंद्र को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शुरू में परिवार ने सतेंद्र की मौत को गुलदार के हमले का परिणाम बताया, लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तो सच्चाई सामने आ गई।भागेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने पिता बलराज, सौतेली मां मधुबाला, सौतेला भाई मानव उर्फ बंटू, बहन शालू और बहनोई अनुज को नामजद किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मानव उर्फ बंटू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव को हत्या की वजह माना जा रहा है। सतेंद्र, बजरंग दल के सक्रिय पदाधिकारी होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में भी जाना जाता था।
एसपी बिजनौर ने घटना को जघन्य और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
