बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त कार्रवाई करते हुए सिपाही सचिन तोमर को बर्खास्त कर दिया है। लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता को देखते हुए सिपाही को बर्खास्त किया गया है।
सरकारी सेवा में रहते हुए सिपाही सचिन तोमर 1363 दिनों तक गैरहाजिर रहा। बार-बार चेतावनी देने और पूर्व में दंडित किए जाने के बावजूद सिपाही ने अपने कार्यों में सुधार नहीं किया। जिस वजह से सिपाही को पुलिस सेवा से हटा दिया गया।
बिना सूचना के लगातार 410 दिन से अनुपस्थित
सिपाही सचिन तोमर 12 जनवरी 2024 से बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर था, जो पुलिस नियमावली का उल्लंघन है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस बल में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कार्यस्थल पर समय से उपस्थित रहने और अपने कर्तव्यों का पालन करने की सख्त हिदायत दी जाती है।
लेकिन सचिन तोमर ने अधिकारियों को बिना कोई जानकारी दिए ही ड्यूटी से लंबे समय तक दूरी बनाए रखी।
पूर्व में भी कर चुके हैं लापरवाही, कई बार रहे गैरहाजिर
यह पहली बार नहीं था जब सिपाही सचिन तोमर ड्यूटी से गैरहाजिर रहा हों। इससे पहले भी उसने 2020 में 180 दिन, 2022-23 में 544 दिन, और 2023 में 229 दिन बिना किसी अनुमति के ड्यूटी से नदारद रहकर अनुशासनहीनता दिखाई थी।इन मामलों में उनके खिलाफ पहले भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें चेतावनी के साथ दंडित भी किया गया था।लेकिन सिपाही सचिन तोमर ने अपने व्यवहार में कोई सुधार नहीं किया और बार-बार बिना अवकाश या अनुमति लिए ड्यूटी से अनुपस्थित होता रहा।
पुलिस विभाग में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती, क्योंकि यह न केवल पुलिस बल की साख को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे विभागीय कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होती है। सचिन तोमर के इस गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण एसएसपी ने ये कार्यवाही की है।
पुलिस विभाग के नियमों का किया उल्लंघन
सिपाही सचिन तोमर को बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसने अपनी गलती में कोई सुधार नहीं किया।जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वो अपने कार्य के प्रति कोई रुचि नही ले रहा था। ऐसे में, पुलिस विभाग के नियमों के तहत सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
