बस्ती, 19 अप्रैल 2025:
थाना सोनहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने कुछ दिन पहले थाने में तहरीर दी थी कि एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सोनहा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तलाश शुरू की, और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त से पूछताछ जारी
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। नाबालिग लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसकी काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
थाना प्रभारी सोनहा ने बताया कि बच्चियों एवं महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और ऐसे मामलों में कठोर कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को सराहना दी गई है और आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
