मीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के मौदहा कस्बे में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम कानून का मज़ाक उड़ाया गया, जब एक पुलिस अधिकारी की बारात में जमकर धनवर्षा की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बारात के जाते समय लोगों को हजारों रुपए हवा में उड़ाते हुए साफ देखा जा सकता है।
घटना मौदहा कस्बे के रायल गार्डन गेस्ट हाउस की है, जहां बीते बुधवार को दारोगा इमरान की शादी धूमधाम से आयोजित हुई। बताया जा रहा है कि इमरान इस समय इटावा में बतौर सब-इंस्पेक्टर तैनात हैं।
बारात की शोभा यात्रा के दौरान जिस तरह से नोट उड़ाए गए, वह न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि एक सरकारी अधिकारी के आचरण पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
हालांकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद अभी तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। न ही अब तक कोई जांच शुरू हुई है, जिससे लोगों में प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक पुलिस अधिकारी के शादी समारोह में इस तरह की खुलेआम दिखावा और नोटों की बरसात होती है, तो आम आदमी से किस नैतिक आचरण की अपेक्षा की जा सकती है।
