जनपद सोनभद्र के थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत टोल प्लाजा के पास बीती रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक और एक युवती जब टोल प्लाजा के समीप से गुजर रहे थे, तभी चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर नकदी, मोबाइल फोन और स्वर्णाभूषण छीन लिए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवक और युवती से विस्तृत बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
