लखनऊ/बदायूं, 09 मई — उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विश्व बैंक के अध्यक्ष श्री अजय बंगा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश की विकास परियोजनाओं, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, और आर्थिक सुदृढ़ीकरण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से सकारात्मक चर्चा हुई।
विकास में साझेदारी की सहमति
भेंट वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को और सशक्त बनाने और भावी परियोजनाओं पर मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के समग्र और संतुलित विकास के लिए कृतसंकल्प है।
उन्होंने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), स्मार्ट सिटी योजना, अमृत योजना, हर घर जल मिशन आदि के माध्यम से प्रदेश में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को एक नई दिशा दी जा रही है। साथ ही महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।
विश्व बैंक अध्यक्ष ने की यूपी मॉडल की सराहना
श्री अजय बंगा ने उत्तर प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में राज्य ने आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्व बैंक राज्य सरकार की विकास योजनाओं में तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग आगे भी जारी रखेगा।
भविष्य की योजनाओं पर ध्यान
भेंट के दौरान भावी परियोजनाओं जैसे नवाचार आधारित शहरी ढांचे, स्वच्छ ऊर्जा, पेयजल एवं स्वच्छता और डिजिटल शिक्षा जैसे विषयों पर भी बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश देश का विकास इंजन बनकर उभरेगा।
