मथुरा, 14 मई 2025:
थाना रिफाइनरी पुलिस और रिवार्डेड टीम मथुरा ने संयुक्त चेकिंग के दौरान एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को नाकाम कर दिया। दिनांक 14 मई को श्री जी मार्केट क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि काशीराम कट के पास मधुबनी खंडहर में कुछ संदिग्ध बदमाश छिपे हुए हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश लोकेंद्र पुत्र बृजराज, निवासी लढ़नपुर, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर, गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चार अन्य बदमाश गिरफ्तार, अवैध गांजा बरामद
घटना स्थल से लोकेंद्र के चार अन्य साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। सभी गिरफ्तार बदमाशों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बड़ी वारदात टली
इस संयुक्त कार्रवाई से पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य आपराधिक लिंक खंगाले जा रहे हैं।
