मथुरा, 29 अप्रैल 2025:
अक्षय तृतीया पर्व के दृष्टिगत मथुरा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्री बांके बिहारी जी मंदिर, वृंदावन परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक निरीक्षण एवं पैदल गश्त की। इस अवसर पर श्रीमान जिलाधिकारी मथुरा, पुलिस उप-महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र, एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा प्रबंधों का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा से बचाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, दिनांक 22 अप्रैल 2025 को पहलगांव (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के परिप्रेक्ष्य में जनपद मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई।
जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भीड़-भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति को और अधिक बढ़ाया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिले तथा कोई भी असामाजिक तत्व जनपद की शांति व्यवस्था को बाधित न कर सके।
