जनपद बदायूँ में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) की संभावित स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी श्री अवनीश राय ने मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रेपिड रेस्पॉन्स टीम, पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश:
जिलाधिकारी ने जनपद की रेपिड रेस्पॉन्स टीम, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बैकयार्ड पोल्ट्री, पोल्ट्री फार्म, पोल्ट्री दुकानों, बाजारों एवं प्रवासी पक्षियों के मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में गहन सर्विलांस सुनिश्चित किया जाए। किसी भी असामान्य मृत्यु या बीमारी की सूचना त्वरित रूप से प्राप्त हो, इसके लिए कुक्कुट पालकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर बल दिया गया है।
विशेष सतर्कता वाले क्षेत्र चिन्हित:
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के जिन क्षेत्रों में अधिक कुक्कुट इकाइयाँ स्थित हैं, वहां विशेष निगरानी बरती जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त गोवंश आश्रय स्थलों में तत्काल साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन की कार्रवाई कर फोटो सहित रिपोर्ट मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रेषित करें।
पूर्ण तैयारी के निर्देश:
उन्होंने स्पष्ट किया कि बर्ड फ्लू से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारीगण अपनी तैयारियों को पूर्ण रखें ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
प्रशासन की इस तत्परता से स्पष्ट है कि जनपद में एवियन इन्फ्लुएंजा के संभावित खतरे को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा एवं रोकथाम के सभी उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।
