बरेली से इस वक्त की बड़ी खबर — नकली और मिलावटी कफ सीरप को लेकर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी बरेली और सहायक आयुक्त (औषधि) बरेली मंडल के निर्देश पर औषधि निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में मेसर्स राहुल मेडिकल स्टोर, मोहल्ला रामलीला, नैनीताल रोड, बहेड़ी पर छापेमारी की गई।
छापे के दौरान फर्म स्वामी की मौजूदगी में औषधि विक्रय लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, क्रय-विक्रय के अभिलेख और भंडारित एलोपैथिक दवाओं की गुणवत्ता की सघन जांच की गई। जांच के दौरान टीम ने स्टोर में रखे पांच संदिग्ध कफ सीरप के नमूने एकत्र किए —
1️⃣ Asthakind DX Junior Cough Syrup
2️⃣ Asthakind LS Junior Cough Syrup
3️⃣ Zedex Cough Syrup
4️⃣ Solvin Cold Syrup
5️⃣ Asthakind DX 100 ml Syrup
सभी नमूने नियमानुसार परीक्षण और विश्लेषण हेतु राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे जा रहे हैं।
औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और फर्मों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि नकली, मिलावटी या काउंटरफिट दवाओं की बिक्री पर किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई औषधि सुरक्षा और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
