न्यूज़ रिपोर्ट:
बदायूं, 17 अप्रैल:
जनपद बदायूं में नव नियुक्त जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में पदभार ग्रहण किया। कलेक्ट्रेट आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने कार्यालय में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
नवागत डीएम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देना और आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे आमजन, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
डीएम राय ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यों को ईमानदारी और गंभीरता से संपादित करें और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें।
जनपद गाजीपुर के मूल निवासी अवनीश कुमार राय वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। जिलाधिकारी बदायूं के पद पर कार्यभार संभालने से पहले वे इटावा में डीएम थे। इसके अलावा उन्होंने अयोध्या में सहायक मजिस्ट्रेट, फतेहपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, श्रावस्ती में मुख्य विकास अधिकारी तथा झांसी में नगर आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन, एडीएम न्यायिक, मुख्य कोषाधिकारी गौरव चौधरी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
