बदायूं में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) द्वारा वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. बृजेंद्र कुमार वार्ष्णेय के आकस्मिक निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सक समाज ने उनकी मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
IMA के उपाध्यक्ष डॉ. इत्तेहाद आलम ने कहा कि डॉ. बृजेंद्र का निधन चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। वह एक अनुभवी, समर्पित एवं जनसेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध चिकित्सक थे। उनके निधन से चिकित्सकों में शोक की लहर है।
डॉ. बृजेंद्र के परिवार में उनका बेटा डॉ. वागीश वार्ष्णेय, जो कि एक हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं, तथा पुत्रवधू डॉ. रुचि गुप्ता, जो कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं, शामिल हैं।
शोकसभा के दौरान IMA ने एक शोक प्रस्ताव पारित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर डॉ. रमिंदर सिंह, डॉ. अरुण यादव, डॉ. अमित वार्ष्णेय, डॉ. नूरुल, डॉ. रिशिम अग्रवाल, डॉ. कुमार वासु और डॉ. विवेक जौहरी सहित अनेक चिकित्सकगण उपस्थित रहे।
