फिरोजाबाद, 01 जून 2025: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से संदिग्ध दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत रविवार, 01 जून 2025 को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों की सघन जांच की।
चेकिंग के दौरान 06 मोटरसाइकिल चालकों द्वारा अपने वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाई गई थी। इन सभी 06 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 207 के तहत सीज की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि यह अभियान अपराधों में प्रयुक्त वाहनों की पहचान और अपराधियों तक पहुंचने के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा।
फिरोजाबाद यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगवाएं तथा सभी वैधानिक दस्तावेज साथ रखें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिरोजाबाद पुलिस अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ऐसी ही कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी।
