बदायूं: 01 मई। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को बदायूं के स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया कि निर्माण में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में मानक से कम सामग्री का इस्तेमाल किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा, और यदि ऐसा पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रखने की सलाह दी और यह सुनिश्चित करने की बात कही कि निर्माण अनुमन्य स्वीकृति के अनुसार ही किए जाएं। इस दौरान, उन्हें जानकारी मिली कि स्टेडियम के निर्माण के लिए 977.82 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में बालीवॉल कोर्ट, पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण, मल्टीपरपज हॉल का जीर्णोद्धार, आर्चरी शेड और क्रिकेट पिचों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे फरवरी 2026 तक पूरा किया जाएगा।जिलाधिकारी के इस निरीक्षण में सीडीओ केशव कुमार और यूपी सिडको के अभियंता भी मौजूद थे।
