बलिया, 16 मई 2025:
जनपद बलिया के पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह द्वारा आज दिनांक 16.05.2025 को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने जनपद के विभिन्न थानों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं की संख्या, वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने विशेष रूप से रात्रि चेकिंग, चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई, तथा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि,
“जनता का भरोसा बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। समयबद्ध जांच, पारदर्शिता और त्वरित न्याय हमारी कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए।“
सैनिक सम्मेलन में कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं
अपराध समीक्षा बैठक से पूर्व पुलिस अधीक्षक बलिया द्वारा पुलिस लाइन स्थित आर.डी. त्रिपाठी सभागार में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में उपस्थित पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री अनिल कुमार झा, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर, समस्त सर्किल अधिकारियों, थानाध्यक्षों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिस कार्यालय व लाइन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन बलिया पुलिस के संगठनात्मक मजबूत ढांचे और कर्मचारियों के कल्याण एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट संकेत देता है।

