बदायूं, 07 मई — शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद बदायूं में बुधवार की रात 8:00 बजे से 8:10 बजे तक व्यापक स्तर पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री अवनीश राय के मार्गदर्शन में संपन्न इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य जनसामान्य में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
डीएम ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे “नेशन फर्स्ट” की भावना को आत्मसात करें और आपातकालीन परिस्थितियों में संयम व सहयोग बनाए रखें। उन्होंने कहा कि देशहित में किया गया प्रत्येक प्रयास राष्ट्र सुरक्षा को सुदृढ़ करता है।
प्रतीकात्मक अग्निकांड एवं बचाव अभ्यास
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान एक बहु-मंजिला इमारत में प्रतीकात्मक रूप से आग लगने की स्थिति को दर्शाया गया। दमकल विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर आग बुझाने की कार्यवाही की। इसके साथ ही घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
इस अभ्यास के दौरान दमकल कर्मियों ने विभिन्न प्रकार की आग को बुझाने के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जिससे नागरिकों को वास्तविक स्थिति में किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी जा सके।
ब्लैकआउट: समस्त जनपद रहा जागरूक
रात्रि 8:00 से 8:10 बजे तक ब्लैकआउट का सफल क्रियान्वयन शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान निजी एवं शासकीय भवनों, सड़क पर चल रहे वाहनों, पेट्रोल पंपों, फैक्ट्रियों आदि के प्रकाश बिंदुओं को बंद रखने की अपील की गई। हालांकि जरूरी मशीनरी व औद्योगिक गतिविधियाँ सामान्य रूप से संचालित रहीं।
डीएम ने बताया कि यह ड्रिल हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को दृष्टिगत रखते हुए संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों का एक हिस्सा था।
संयम और जागरूकता आवश्यक
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की पैनिक स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि बदायूं जैसे शांतिप्रिय जिले के नागरिक सदैव भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे।
24×7 एकीकृत कमांड कंट्रोल रूम सक्रिय
जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या 221 में एकीकृत कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24×7 क्रियाशील रहेगा। संपर्क हेतु निम्नलिखित नंबर जारी किए गए हैं:
-
मोबाइल नंबर: 7505389289, 7505395940
-
दूरभाष नंबर: 05832-266049, 05832-266050
नागरिकों से आग्रह किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें।
उपस्थित रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह सहित पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, प्रशासनिक विभागों के अधिकारी, स्काउट गाइड संगठन एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मॉक ड्रिल को एक समन्वित और प्रभावी प्रयास के रूप में सफल बनाया।
